सूरत। शहर में आयोजित फिल्म ‘तेरा मेरा नाता’ के स्पेशल प्रीमियर में दर्शकों और मीडिया को एक भावुक और दिल को छू लेने वाली कहानी की पहली झलक देखने का मौका मिला। इस खास अवसर पर फिल्म के मुख्य कलाकार सूरज और अंबिका वाणी, निर्माता-निर्देशक चंदा पटेल सहित पूरी टीम मौजूद रही।
एक नेत्रहीन फुटबॉलर और मिशा की अनोखी दास्तां
हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के आधिकारिक ट्रेलर ने अपनी भावनात्मक कहानी से दर्शकों का ध्यान खींचा है। फिल्म की कहानी गौरव (सूरज) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कभी फुटबॉल का स्टेट चैंपियन था, लेकिन अपनी आंखों की रोशनी खो चुका है। वह बेहतरीन गायक है और गिटार बजाने में भी माहिर है। उसकी जिंदगी के इस अंधेरे सफर में रोशनी बनकर आती है मिशा (अंबिका वाणी), जो जड़ी-बूटियों की तलाश में वहां पहुंचती है।
दोनों के बीच कदमों की आहट से शुरू हुआ रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल जाता है। गौरव के जीवन में आया यह खूबसूरत मोड़ दर्शकों को भावुक कर देता है। लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है जब समाज और पारिवारिक परिस्थितियां उनके रिश्ते के सामने चुनौती बनकर खड़ी हो जाती हैं। क्या गौरव की आंखों की रोशनी लौट पाएगी? क्या मिशा और गौरव का यह पवित्र रिश्ता अपनी मंजिल तक पहुंच पाएगा? यही सवाल फिल्म को रोमांचक बना देता है।
कलाकारों ने साझा किए अपने अनुभव
मीडिया से बातचीत के दौरान लीड एक्टर सूरज ने कहा,
“गौरव का किरदार मेरे दिल के बेहद करीब है। एक ऐसे खिलाड़ी का दर्द और संघर्ष पर्दे पर जीना, जो देख नहीं सकता लेकिन दिल से हर एहसास महसूस करता है, मेरे लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और भावुक अनुभव रहा।”
वहीं अंबिका वाणी ने कहा,
“यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि रिश्तों, विश्वास और पारिवारिक मूल्यों की कहानी है। हमें खुशी है कि दर्शक इस फिल्म और इसकी भावनाओं से खुद को जोड़ पा रहे हैं।”
वरिष्ठ कलाकारों की मौजूदगी और सुरीला संगीत
फिल्म की निर्माता-निर्देशक चंदा पटेल ने बताया कि पूरी टीम ने एक ऐसी साफ-सुथरी और भावनात्मक फिल्म बनाने का प्रयास किया है, जिसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके। फिल्म में रामायण फेम वरिष्ठ अभिनेत्री दीपिका चिखलिया और अनुभवी अभिनेता पंकज बेरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर भी दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है।
स्पेशल प्रीमियर के बाद मौजूद दर्शकों, मीडिया और फिल्म समीक्षकों ने फिल्म की भावनात्मक कहानी, कलाकारों के अभिनय, संगीत और सस्पेंस की सराहना की। ‘तेरा मेरा नाता’ एक पारिवारिक, भावनात्मक और संगीतमय फिल्म है, जो दर्शकों को रिश्तों की खूबसूरती और प्यार की गहराई का एहसास कराती है।
















